National

मुरादाबाद हादसा: गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी रोडवेज बस, मां-बेटे समेत 4 लोगों की मौत

  • छजलैट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रोडवेज बस और गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की भिड़ंत में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में मृतका के पति की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बस सवार करीब दस अन्य यात्री घायल हो गए।

लड़ावली पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

  • पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट की तरफ से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। लड़ावली गांव के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक सामने से आ रही गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का चालक वाला हिस्सा ट्रॉली से जा भिड़ा और यात्रियों में अफरा-तफरी व चीख-पुकार मच गई।

मृतकों व घायलों की पहचान

  • हादसे में सदुपुरा गांव निवासी अर्चना (पत्नी जानसन मसीह) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इनके साथ नूरपुर (बिजनौर) निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल जानसन मसीह तथा अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात बहाल

  • घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व शवों को अस्पताल भिजवाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया गया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *