संविधान दिवस पर पीएम मोदी का वार: ओबीसी कोटा घटाकर मुस्लिमों को आरक्षण देना चाहता है प्रमुख विपक्षी दल
- संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख के जरिए राजनीतिक और संवैधानिक मुद्दों पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। बिना किसी पार्टी का नाम लिए उन्होंने सबसे बड़े विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि वह ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुस्लिम आरक्षण लागू करने की मंशा रखता है। इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन संशोधन विधेयक के गिरने का ठीकरा भी एक विपक्षी दल पर फोड़ा।
ओबीसी कोटा और अनुच्छेद 356 पर घेराबंदी
- आरक्षण के मसले पर प्रधानमंत्री ने लिखा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी हिस्सेदारी घटाकर मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है, जबकि संविधान निर्माता—खासकर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर—इसके पूरी तरह खिलाफ थे। लेख में उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल का भी जिक्र किया और कहा कि एक दल ने इसे करीब सौ बार लागू किया, वहीं एक पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यकाल में ही इसके इस्तेमाल का अर्धशतक लग गया था। पीएम मोदी के मुताबिक, अनुच्छेद 370 और 35A के चलते जम्मू-कश्मीर को सात दशक से अधिक समय तक पूरा संविधान नहीं मिल सका और 2019 तक एससी, एसटी, ओबीसी व महिलाओं के अधिकार दबाए जाते रहे।
महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया
- संविधान निर्माण में महिलाओं की भूमिका को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने इस साल की शुरुआत की घटना का जिक्र किया और कहा कि विधायी संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने वाले कानून को एक विपक्षी दल ने पारित नहीं होने दिया, जो संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसकी बेरुखी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत की ‘नारी शक्ति’ को न्याय दिलाने से अब कोई ताकत नहीं रोक सकती।
‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ की भूमिका
- लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष के आचरण पर टिप्पणी करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि दुखद है कि सबसे बड़ा विपक्षी दल ‘विरोध पक्ष’ की जगह ‘अवरोध पक्ष’ की भूमिका में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि संसद और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को ठप करना संवैधानिक दायित्व निभाने का विकल्प नहीं हो सकता।
क्या था महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक?
- इस संविधान संशोधन विधेयक का मकसद परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करना था, ताकि 2029 के आम चुनावों से पहले संसद व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सके। दो-तिहाई बहुमत न जुट पाने के कारण अप्रैल में यह विधेयक लोकसभा में गिर गया था। अब नजरें इस पर हैं कि सरकार आगामी सत्र में इसे दोबारा लाती है या नहीं।
नक्सलवाद का अंत और ‘दिमागी नक्सलियों’ पर तंज
- आदिवासी इलाकों में दशकों तक चली हिंसा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि नक्सलियों ने बंदूक के जोर पर वंचितों को संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा। उन्होंने कहा कि इस साल नक्सलवाद का खात्मा राहत देने वाला है, जिससे आदिवासी और गरीब तबका बिना भय के अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर पा रहा है। साथ ही उन्होंने ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर सचेत किया, जो जमीनी हकीकत से कटे होने के बावजूद विकास की रफ्तार रोकने की कोशिशों में जुटे रहते हैं।
