Uttarakhand

सरस मेला: रैंप वॉक पर दिखी ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता, डिजिटल साक्षरता और स्वरोजगार का अनूठा संगम

  • एमबी इंटर कालेज मैदान में चल रहे सरस आजीविका मेला-2026 के चौथे दिन महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और डिजिटल जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में देशभर से आए 250 स्टालों पर जहां खरीदारों की चहल-पहल रही, वहीं विभिन्न सरकारी विभागों ने लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

उद्यमिता व योजनाओं पर जोर, प्रतिभाओं का सम्मान

  • जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने महिलाओं व युवाओं को एमएसएमई नीति, पीएमईजीपी (15 से 35 प्रतिशत अनुदान), मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, स्टार्टअप नीति, एकल खिड़की प्रणाली और पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभों से अवगत कराया। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी और सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया।
  • प्रतियोगिताओं में दृश्य कला वर्ग में कुसुम पांडे ने पहला और राखी ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लघु उद्योग श्रेणी में मुक्तेश्वर एग्रो फ्रूट प्रथम व आर्गेनिकीम द्वितीय स्थान पर रहा। शाम को लोक गायक अमित बाबू गोस्वामी के गीतों और सेंट पाल स्कूल के झोड़ा नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जनगणना-2027 और ईवीएम जागरूकता का संदेश

  • डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मेले में जनगणना-2027 का विशेष स्टाल लगाया गया है। यहां तैनात टीम 30 नवंबर तक वेब पोर्टल के जरिए ऑनलाइन स्व-गणना का तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान कर रही है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए जिले में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल वैन व 75 मशीनों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

ऐपण, पिछौड़ा और रिंगाल के साथ रैंप वॉक

  • एनआरएलएम के अंतर्गत आयोजित फैशन शो चौथे दिन का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें घर की चारदीवारी से आगे बढ़कर ग्रामीण महिलाएं आत्मविश्वास के साथ रैंप पर उतरीं। कविता ऐडी, प्रियंका गोस्वामी, भावना मेहरा, राधा बिष्ट, बचूली देवी, कंचन कनवाल, मंजू विश्वकर्मा, श्रेया तिवारी और भावना ने कुमाऊनी ऐपण साड़ी, रेशमी पिछौड़ा, ऊनी परिधान, रिंगाल और जूट से बने उत्पादों को पहनकर कैटवॉक किया। सीडीओ अरविंद कुमार पांडे और पीडी शिल्पी पंत ने कहा कि यह मंच ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को नया बाजार और पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ शो ने बटोरी तालियां

  • मेले में शुक्रवार को आयोजित विशेष कॉमेडी शो ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। शो में ‘अमिताभ बच्चन’ के रूप में प्रस्तुत कलाकार ने अपनी दमदार आवाज, शैली और हाजिरजवाबी से पंडाल में तालियों की गूंज पैदा कर दी। हॉट सीट पर बैठी स्वयं सहायता समूहों की दीदियों और मेजबान कलाकार के बीच हुई मजेदार नोकझोंक पर दर्शक खूब मुस्कुराए। इस दौरान दीदियों ने अपनी आजीविका, उत्पादों और आत्मनिर्भर बनने की यात्रा साझा की। आयोजकों के अनुसार शो का उद्देश्य लखपति दीदी योजना का प्रचार-प्रसार और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। वहीं मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा और पहाड़ी उत्पादों की बिक्री भी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *