दोगुना हुआ उत्तराखंड का बजट, धामी सरकार ने रखा विकास का लेखा-जोखा
- विकास, आर्थिक प्रबंधन और जनकल्याण के मोर्चे पर धामी सरकार ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करते हुए रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य का वार्षिक बजट बढ़कर 1.19 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं, खनन व्यवस्था में किए गए सुधारों के बाद राजस्व 300 करोड़ रुपये से बढ़कर 1200 करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है।
सूचकांकों और रैंकिंग में उपलब्धियों का जिक्र
- सरकार के रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, उत्तराखंड जीईपी (GEP) सूचकांक 2024 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। नीति आयोग के पर्यावरण से जुड़े एसडीजी (SDG) लक्ष्यों में राज्य को पहला स्थान मिला है, जबकि फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2026 में हिमालयी राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड दूसरे स्थान पर रहा।
जनसेवा, ई-ऑफिस और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई
योजनाओं को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत 681 शिविर आयोजित किए गए। इनमें पांच लाख से ज्यादा लोगों को लाभ मिलने, 33 हजार से अधिक शिकायतों के निस्तारण और 74 हजार से अधिक सेवा आवेदनों पर कार्रवाई होने का दावा किया गया है।
-
डिजिटल कामकाज: ‘अपणि सरकार’ पोर्टल पर 900 से अधिक सेवाएं दी जा रही हैं। 250 से अधिक सरकारी दफ्तर ई-ऑफिस प्रणाली से जुड़े हैं और 90 हजार से ज्यादा फाइलों का ऑनलाइन निस्तारण हुआ।
-
भ्रष्टाचार पर शिकंजा: हेल्पलाइन नंबर 1064 पर मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 116 अधिकारियों की गिरफ्तारी का दावा भी रिपोर्ट में शामिल है।
आवास, बुनियादी सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा
- रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण हुआ और करीब चार लाख लोगों को पक्के मकान मिले। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 12 लाख से ज्यादा नल कनेक्शन, उज्ज्वला योजना में पांच लाख से अधिक गैस कनेक्शन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत पांच लाख से ज्यादा शौचालय बनाए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा के तहत 60 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, नौ लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में हर महीने 145 करोड़ रुपये की पेंशन भेजी जा रही है, जिसमें बुजुर्ग दंपतियों को 1500-1500 रुपये मासिक पेंशन का प्रावधान शामिल है।
आपदा राहत और रिवर्स माइग्रेशन का दावा
- आपदा प्रबंधन के लिए सभी जिलों को 130 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। वर्ष 2025 की बाढ़ से हुए नुकसान के लिए केंद्र से 1200 करोड़ रुपये की सहायता मिलने की जानकारी दी गई है, जबकि मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी गई। इसके अलावा सरकार ने रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत बढ़ोतरी होने का दावा भी किया है।

