Uttarakhand

अब लाइन में लगेगी गैस! उत्तराखंड में नया नियम लागू, लोगों की बढ़ी परेशानी

  • नैनीताल जिले में बढ़ते LPG गैस संकट के बीच प्रशासन ने नई वितरण व्यवस्था लागू कर दी है। अब ‘पहले बुकिंग–पहले सिलिंडर’ (FIFO नियम) के तहत ही गैस वितरण किया जाएगा। यानी जिस उपभोक्ता ने पहले गैस बुकिंग कराई है, उसी को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर मिलेगा।
  • नई व्यवस्था के अनुसार, डिलीवरी वाहनों में जितने गैस सिलिंडर होंगे, उतनी ही नाम वाली पर्चियां भी साथ भेजी जाएंगी। बिना पर्ची के किसी को भी सिलिंडर नहीं दिया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और मनमानी पर रोक लगेगी।
  • जिले में करीब 3.5 लाख उपभोक्ता हैं, जिन्हें 16 से अधिक एजेंसियों के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाती है। इसके बावजूद मौजूदा समय में गैस बैकलॉग 25 हजार तक पहुंच चुका है। हल्द्वानी के सरस मार्केट स्थित एक एजेंसी में ही एक दिन का बैकलॉग करीब 7 हजार बताया गया है।
  • हालात ऐसे हैं कि कई उपभोक्ताओं को 10 से 20 दिन तक इंतजार करने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। कई इलाकों में लोग सड़कों पर गैस गाड़ियों का इंतजार करते नजर आए। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ जगहों पर डिलीवरी में अनियमितता भी देखने को मिल रही है।
  • स्थिति को और गंभीर बनाने वाला एक कारण यह भी है कि लोग सिलिंडर मिलते ही तुरंत अगली बुकिंग करा रहे हैं, जिससे बैकलॉग कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने इसे देखते हुए एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि केवल FIFO नियम के अनुसार ही वितरण किया जाए।
  • प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से गैस वितरण प्रणाली में सुधार होगा और जरूरतमंद लोगों को समय पर सिलिंडर मिल सकेगा। हालांकि, मौजूदा हालात में कई क्षेत्रों के लोगों को अभी भी समस्या और देरी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *