देहरादून पुलिस लाइन में भव्य जन्माष्टमी उत्सव, CM धामी और राज्यपाल ने की शिरकत
- देहरादून: रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं बड़ी संख्या में दूनवासी भी इस आयोजन का हिस्सा बने। ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष से पूरा पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा।
- जन्माष्टमी महोत्सव में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। तीनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
- कार्यक्रम की शुरुआत मुंबई आर्ट ग्रुप के कलाकारों की गणेश वंदना से हुई। इसके बाद प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी गढ़वाली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके एक के बाद एक गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
- इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने वाले नरेंद्र सिंह नेगी, इंदर आर्य, करिश्मा शाह सहित कई कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
- जन्माष्टमी समारोह में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता और देशभक्ति का संदेश भी दिया गया। एक बच्चे ने नशे के दुष्परिणामों और इससे दूर रहने की अपील को लेकर शानदार रैप प्रस्तुति दी। रैप के माध्यम से युवाओं को नशे से बचने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
- वहीं, छात्रों के एक समूह ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुति देकर दर्शकों में देशभक्ति का जोश भर दिया। प्रस्तुति के बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई। इस तरह देहरादून पुलिस लाइन का जन्माष्टमी महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता, लोक संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने वाला खास आयोजन बन गया।
