Business

यूरिया में आत्मनिर्भरता की बड़ी छलांग: ₹55,000 करोड़ से 6 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, घटेगी आयात पर निर्भरता

  • घरेलू यूरिया उत्पादन को रफ्तार देने और विदेशों से खाद आयात पर निर्भरता घटाने के लिए केंद्र सरकार ने लगभग ₹55,000 करोड़ की लागत वाली 6 ब्राउनफील्ड गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन इकाइयों के शुरू होने से देश में सालाना 70 लाख टन से अधिक अतिरिक्त यूरिया उत्पादन क्षमता तैयार होने का अनुमान है।

छह राज्यों के इन केंद्रों में लगेंगे संयंत्र

  • सरकार को इन परियोजनाओं के लिए कुल 18 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से छह को स्वीकृति मिली है। ये परियोजनाएं तमिलनाडु के चेन्नई, पंजाब के नंगल, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर व जगदीशपुर, पश्चिम बंगाल के पानागढ़ तथा राजस्थान के कोटा में स्थापित की जाएंगी।
  • मंजूर इकाइयों में मद्रास फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (MFL-चेन्नई), नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL-नंगल), कृभको फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (KFL-शाहजहांपुर), मैटिक्स (Matix-पानागढ़), चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (CFCL-कोटा) और इंडोरामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (IIPL-जगदीशपुर) शामिल हैं। इनमें मैटिक्स, इंडोरामा इंडिया और चंबल फर्टिलाइजर्स निजी क्षेत्र से जुड़ी हैं, जबकि मद्रास फर्टिलाइजर्स, कृभको व नेशनल फर्टिलाइजर्स सार्वजनिक या सहकारी क्षेत्र की कंपनियां हैं।
  • अधिकारियों के मुताबिक, एक यूरिया प्लांट पर करीब ₹9,000 करोड़ की पूंजीगत लागत आने का अनुमान है, जबकि कोयला गैसीकरण आधारित परियोजना की लागत अधिक हो सकती है। इसी आधार पर 6 प्रोजेक्ट्स में कुल निवेश करीब ₹55 हजार करोड़ आंका गया है।

पानागढ़ में कोयला गैसीकरण आधारित इकाई होगी अनूठी

  • इन छह परियोजनाओं में पश्चिम बंगाल के पानागढ़ स्थित मैटिक्स की इकाई अलग पहचान रखती है, क्योंकि यह देश की एकमात्र कोयला गैसीकरण आधारित यूरिया परियोजना होगी। बाकी पांच संयंत्रों में कच्चे माल के रूप में एलएनजी (LNG) का उपयोग किया जाएगा। मैटिक्स ने 2017 में पानागढ़ में मौजूदा प्लांट शुरू किया था और अब उसी परिसर में सालाना 12.7 लाख टन क्षमता वाली एक नई इकाई लगाने की योजना है।

आयात घटाने और नीतिगत बदलाव पर जोर

  • आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014-15 में देश का यूरिया उत्पादन 2.25 करोड़ टन था, जो 2023-24 में बढ़कर रिकॉर्ड 3.141 करोड़ टन तक पहुंचा। हालांकि दो संयंत्र बंद होने के कारण 2025-26 में उत्पादन घटकर 2.933 करोड़ टन रहा, जबकि इसी अवधि में भारत ने लगभग एक करोड़ टन यूरिया आयात किया।
  • बदलते फसल चक्र और खाद्यान्न उत्पादन में बढ़ोतरी के चलते यूरिया की मांग हर साल करीब 5 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। बीते एक दशक में बंद पड़े प्लांट दोबारा शुरू करने और मौजूदा क्षमताओं के विस्तार से 6 नई इकाइयां जुड़ने के बावजूद सालाना उत्पादन करीब तीन करोड़ टन और मांग लगभग चार करोड़ टन के आसपास बनी हुई है।
  • सरकार ने 30 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति (NIPU) को नॉटिफाई किया था, जिसका लक्ष्य 8 नए यूरिया संयंत्रों और क्षमता विस्तार के जरिए करीब एक करोड़ टन अतिरिक्त क्षमता जुटाना है। नई नीति में सब्सिडी गणना के लिए स्थिर व परिवर्तनीय लागत को अलग किया गया है। साथ ही निवेश पर 12 से 16 प्रतिशत रिटर्न (RoE) और विदेशी मुद्रा जोखिम कम करने की व्यवस्था भी रखी गई है, जिससे प्रत्येक संयंत्र को करीब ₹250 करोड़ की बचत होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *