131वें से 132वें संशोधन तक: परिसीमन के नए प्रस्ताव में क्या बदला? जानें 5 बड़े अंतर
- केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। नई परिसीमन प्रक्रिया के जरिए संसद, राज्य विधानसभाओं और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के उद्देश्य से लाए जा रहे इस विधेयक में अप्रैल में गिरे 131वें संशोधन विधेयक के मुकाबले कई अहम बदलाव किए गए हैं।
हर जगह सीटों में एक समान 50 फीसदी इजाफा
- 132वें संशोधन विधेयक का सबसे बड़ा प्रावधान लोकसभा तथा सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं की सीटों में एक समान 50 प्रतिशत वृद्धि करना है। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की अधिकतम सीट संख्या बढ़ाकर 850 की जा सकती है, जिसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल होंगे। वहीं राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है।
- पहले के 131वें संशोधन विधेयक में सभी राज्यों के लिए सीटों में एक समान प्रतिशत बढ़ोतरी की व्यवस्था नहीं थी। नए प्रस्ताव के तहत यदि हर राज्य की वर्तमान सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि होती है, तो लोकसभा में राज्यों की सीटों की हिस्सेदारी लगभग पहले जैसी ही बनी रहेगी।
2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाने का रास्ता
- परिसीमन के लिए किस जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा, इस पर भी दोनों प्रस्तावों में अंतर है। 2023 के महिला आरक्षण कानून के तहत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ा गया था, जो कानून लागू होने के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े आने के बाद होना था।
- हालांकि, नया 132वां संशोधन विधेयक यह व्यवस्था देता है कि संशोधन लागू होने की तिथि पर उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जा सकेगा। व्यावहारिक रूप से इसका अर्थ 2011 की जनगणना के आंकड़ों के उपयोग से है।
2051 तक कायम रहेंगी नई सीमाएं व सीट आवंटन
- विधेयक में प्रस्ताव किया गया है कि परिसीमन के बाद सीटों का नया आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक प्रभावी रहेंगी। साथ ही, इसमें 2023 के संशोधन के लागू होने से 15 वर्षों तक महिलाओं—जिनमें एससी और एसटी वर्ग की महिलाएं भी शामिल हैं—के लिए एक-तिहाई आरक्षण की व्यवस्था है।
- संसद को कानून बनाकर आरक्षण की अवधि बढ़ाने का अधिकार रहेगा और वही यह प्रक्रिया भी तय करेगी कि महिलाओं की आरक्षित सीटों का रोटेशन किस प्रकार किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के संचालन के लिए एक नया परिसीमन आयोग गठित होगा। इसके साथ प्रस्तावित परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में तीन सदस्यीय आयोग का प्रावधान है, जिसकी अगुवाई सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व न्यायाधीश करेंगे, जिनकी नियुक्ति केंद्र सरकार करेगी। यह आयोग सीटों का आवंटन, सीमाओं का पुनर्निर्धारण और आरक्षित सीटों की पहचान करेगा। एससी व एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें संबंधित श्रेणियों के आरक्षित क्षेत्रों के भीतर ही रोटेट होंगी।
131वां बिल क्यों हुआ था खारिज
- संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में पारित नहीं हो सका था, क्योंकि इसे जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था। मतदान में 298 सांसदों ने विधेयक के समर्थन में और 230 ने विरोध में वोट डाला था, जिसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य विधेयकों को आगे नहीं बढ़ाया था।
