चकराता के जंगलों में भीषण आग, सेब के बाग और छानियां जलकर राख, एक व्यक्ति गंभीर झुलसा
- चकराता वन प्रभाग के देवघार रेंज में लगी भीषण वनाग्नि ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। चीड़ के जंगलों में भड़की आग तेजी से फैलते हुए आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गई, जिससे भारी मात्रा में वन संपदा और वनस्पतियां जलकर राख हो गईं।
- जडसू पाणी क्षेत्र से फैली आग ने कूणा और बास्तील पंचायत के कई इलाकों को प्रभावित किया। खेड़ा रगवाड़, बोराड और चौड़ाधार क्षेत्र में कई ग्रामीणों के सेब के बाग आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। वहीं स्थानीय पशुपालकों रघुदास, चरणदास और सुनदास की तीन छानियां भी जलकर राख हो गईं।
- वनाग्नि के कारण निजी और सार्वजनिक संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सीमावर्ती बंगाण क्षेत्र के देवती गांव में एक आवासीय भवन में देर रात भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने लकड़ी और टीन से बने मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
- घटना के समय घर के अंदर सो रहे परिवार को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि मकान मालिक और स्थानीय कृषक कलु आग में गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही जंगलों की आग से ग्रामीणों की आजीविका, पशुपालन और पर्यावरण को बड़ा नुकसान हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को राहत देने और वनाग्नि रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
