पौड़ी में UKD नेता आशुतोष नेगी पर मुकदमा दर्ज, CM धामी पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बढ़ा विवाद
- उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी के खिलाफ पौड़ी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला इंटरनेट मीडिया पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणी से जुड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजेशी कोली की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आशुतोष नेगी ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पृष्ठभूमि को लेकर टिप्पणी की गई और बिना पर्याप्त साक्ष्य के कुछ दावे किए गए।
- तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में शिकायतकर्ता के खिलाफ भी फर्जी एससी-एसटी मुकदमे दर्ज कराने और बाद में अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य बनाए जाने जैसी बातें कही गई थीं। राजेशी कोली ने इन दावों को भ्रामक और विद्वेषपूर्ण बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
- शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि इस तरह की सामग्री से जनभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने संबंधित पोस्ट को हटाने और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
- सीओ सदर तपेश कुमार चंद के मुताबिक, आशुतोष नेगी के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर कथित अमर्यादित भाषा, जाति-धर्म से जुड़ी टिप्पणी और बिना साक्ष्य के भ्रामक प्रचार के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसएसआई राजविक्रम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- वहीं, आशुतोष नेगी ने आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उनकी फेसबुक पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया था। नेगी ने यह भी दावा किया कि जिस व्यक्ति की शिकायत के आधार पर वर्तमान मुकदमा दर्ज हुआ है, उसकी तहरीर पर पहले भी उनके खिलाफ एससी-एसटी से संबंधित मुकदमा दर्ज कराया गया था।
- नेगी ने कहा कि वह इन मामलों का जवाब कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत में मजबूती से देंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्ट की सामग्री तथा उससे जुड़े तथ्यों की कानूनी जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
