मुख्यमंत्री धामी बोले- प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल सुशासन, विकास और जनकल्याण का प्रतीक
- देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल विकास, सुशासन, पारदर्शिता और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार विश्वास जताकर यह साबित कर दिया है कि आज मतदाता विकास कार्यों और परिणामों के आधार पर निर्णय लेता है।
- भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल रही है।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता में हमेशा गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग शामिल रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन खाते, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
- उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति देखी है। अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम, बदरीनाथ धाम, महाकाल लोक और सोमनाथ मंदिर जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों के विकास कार्यों ने देश की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान की है।
- राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत आतंकवाद और सुरक्षा चुनौतियों के खिलाफ मजबूत और निर्णायक नीति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने रक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सड़क, रेल और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं ने विकास को नई गति दी है।
- उत्तराखंड के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई दिशा दे रही हैं।
- उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में विकास और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। राज्य में 2.5 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
- मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लंबे समय से लंबित जमरानी, लखवाड़-व्यासी और किसाऊ परियोजनाओं को गति देकर राज्य के विकास को नई रफ्तार दी गई है। उनका कहना था कि उत्तराखंड आज राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में मजबूती से अपनी पहचान बना रहा है।
