Uttarakhand

देहरादून के केसरवाला और मालदेवता क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही, कई होटल और दुकानें क्षतिग्रस्त

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून के केसरवाला और मालदेवता क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद और राहत का आश्वासन दिया।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और जिन मार्गों पर भूस्खलन की आशंका है, वहां पर्यटकों की आवाजाही को तत्काल रोका जाए। उन्होंने कहा कि इस विकट स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और सरकार हर पीड़ित परिवार की सुरक्षा व सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सोमवार देर रात देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। मुख्य बाजार में मलबा आने से कई दुकानें और होटल क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं मसूरी में मजदूरों के आवास पर मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, सहस्रधारा के कार्डीगाड़ बाजार में रात करीब साढ़े 11 बजे बादल फटने के बाद मलबे ने तबाही मचाई। दो से तीन होटल और करीब 7–8 दुकानें ध्वस्त हो गईं। घटना के बाद सौ से अधिक लोग मलबे में फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इस दौरान एक से दो लोगों के लापता होने की भी आशंका जताई गई है, जिनकी तलाश जारी है।

आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक, रात दो बजे एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं, लेकिन भारी मलबे के कारण वे घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाईं। लोक निर्माण विभाग की जेसीबी रास्ता साफ करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *