Uttarakhand

उत्तरकाशी में भारी बर्फबारी, 200+ लोग फंसे; SDRF ने संभाला मोर्चा

  • उत्तरकाशी जिले में बीते शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी के चलते कई मोटर मार्गों पर स्थानीय लोग और पर्यटक फंस गए। हालांकि समय रहते जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और SDRF की तत्परता से सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया।
  • जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी–लंबगांव मोटर मार्ग पर चौरंगी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे लोगों को बैक हो लोडर मशीन की मदद से सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान 14 लोगों को चौरंगी से मैगी प्वाइंट की ओर सुरक्षित भेजा गया। राहत कार्य के दौरान चौरंगी खाल में पूर्ति विभाग की ओर से सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
  • इसी क्षेत्र में बनचौरा दिवारी खोल और पत्थर खोल के बीच एक वाहन बर्फ में फंस गया था। वाहन में सवार तीन लोगों को सुरक्षित निकालकर पत्थर खोल स्थित वन विभाग की चौकी में पहुंचाया गया, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।
  • वहीं दूसरी ओर पुरोला–मोरी मोटर मार्ग के जरमोला धार क्षेत्र में हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहे। यहां 20 से 30 पर्यटकों और करीब 20 स्थानीय लोगों की गाड़ियां बर्फ में फंस गई थीं। इस दौरान लगभग 200 लोगों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया गया। राहत एवं बचाव कार्य में SDRF और स्थानीय प्रशासन की अहम भूमिका रही।
  • इसके अलावा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ से आगे नगुण क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग बाधित हो गया था। इसके चलते सड़क के दोनों ओर कई वाहन फंस गए थे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मार्ग से मलबा हटाया और फंसे वाहनों को सुरक्षित निकालकर आगे भेजा
  • प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवेदनशील मार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *