National

जयपुर हादसा: चलती बस हाईटेंशन तार की चपेट में आई, आग लगने से 2 की मौत और 10 घायल

  • राजस्थान में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के मनोहरपुर के पास मजदूरों से भरी एक यात्री बस अचानक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। तार के संपर्क में आते ही बस में तेज करंट दौड़ गया और कुछ ही पलों में पूरी बस आग के गोले में बदल गई
  • प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बस में 20 से ज्यादा मजदूर सवार थे। करंट लगने और आग की लपटों में फंसने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और यात्रियों को बाहर निकाला।
  • इस दर्दनाक हादसे में करीब 10 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, पांच अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
  • हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ओवरलोड थी और हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब से गुजर रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
  • जयपुर ग्रामीण पुलिस और विधुत विभाग अब यह जांच कर रहे हैं कि हाईटेंशन तार कितनी ऊंचाई पर था और क्या बस के रूट को लेकर कोई लापरवाही हुई थी।
  • स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *