Uttarakhand

देहरादून में गुलदार का हमला, घर के आंगन से पालतू डॉग गायब – CCTV में सब रिकॉर्ड

  • देहरादून के खांड गांव में बुधवार रात गुलदार की दहशत एक बार फिर देखने को मिली, जब वह भवानी देवी के घर के आंगन में घुसकर पालतू कुत्ते को उठा ले गया। यह पूरी खौफनाक घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
  • घटना के बाद से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे खांड गांव और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। आए दिन गुलदार आबादी वाले इलाकों के पास घूमते नजर आ रहे हैं।
  • ग्रामीणों के अनुसार, आबादी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में गुलदार की कई तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड हो चुके हैं, जिससे साफ पता चलता है कि इनकी संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। गुलदार रोजाना पालतू मवेशियों और जानवरों को अपना शिकार बना रहे हैं, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
  • इसी तरह की एक और घटना मेहलचौरी (कुनीगाड), गैरसैंण क्षेत्र में सामने आई है। यहां बीते डेढ़ महीने से गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में मंगलवार रात गुलदार ने किशन सिंह बिष्ट की गोशाला में घुसकर एक बछड़े को मार डाला
  • स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी स्थान पर गुलदार ने एक दुधारू गाय को भी अपना शिकार बनाया था, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ है।
  • लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। लोग वन विभाग से गुलदार की गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *