Uttarakhand

नैनीताल में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भीड़, होटल और गेस्ट हाउस फुल

  • नैनीताल में बर्फबारी के बाद वीकेंड पर पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से ही हल्द्वानी और कालाढूंगी रोड से पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें शहर की ओर बढ़ती नजर आईं। लगातार बढ़ती भीड़ के चलते होटल और गेस्ट हाउस पूरी तरह पैक हो गए हैं और अधिकांश जगहों पर फुल टैरिफ लागू कर दिया गया है।
  • स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, गणतंत्र दिवस तक पर्यटकों की भीड़ बनी रहने की पूरी संभावना है। बर्फबारी के चलते शहर में पर्यटन गतिविधियों को नई रफ्तार मिली है।
  • प्रकृति के इस मनमोहक नजारे को करीब से देखने और बर्फ में मस्ती करने के लिए पर्यटक शहर के ऊंचाई वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। इन क्षेत्रों की सड़कों पर वाहनों की कतारें देखी जा रही हैं। खासतौर पर हिमालय दर्शन क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक है।
  • हिमालय दर्शन से लेकर किलबरी, पंगोट और कुंजखड़क तक जमकर बर्फबारी हुई है। हालांकि शहर के निचले इलाकों में भी बर्फ गिरी, लेकिन बारिश के बाद वह पिघल गई। इसके बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परत अब भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
  • शहर की सबसे ऊंची चोटी नयना पीक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल स्नोव्यू में भी पर्यटकों की आमद तेजी से बढ़ी है। कई सैलानी नयना पीक तक करीब दो किलोमीटर की ट्रेकिंग कर बर्फीले नजारों का आनंद ले रहे हैं।
  • बर्फबारी के चलते होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबार एक बार फिर गुलजार हो गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *