8th Pay Commission: लेवल-6 कर्मियों को ₹5.14 लाख एरियर! फिटमेंट फैक्टर से समझें पूरा गणित
- आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के बीच संभावित वेतन बढ़ोतरी और एरियर को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अभी तक केंद्र सरकार की ओर से फिटमेंट फैक्टर और नए पे मैट्रिक्स को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में कर्मचारी और जानकार संभावित समयसीमा और महंगाई भत्ते (DA) के आधार पर एरियर का अनुमान लगा रहे हैं।
1 जनवरी 2026 से संभावित लागू होने की तारीख
- आयोग के संदर्भ की शर्तों (ToR) के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों के 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद है। हालांकि, आयोग की अंतिम रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने का अनुमान है। रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद सरकार की मंजूरी और अधिसूचना में समय लग सकता है। इस कारण वास्तविक भुगतान और एरियर मिलने की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिटमेंट फैक्टर तय करेगा नई बेसिक सैलरी
- नई मूल वेतन (Basic Pay) तय करने में फिटमेंट फैक्टर की भूमिका अहम होती है। मौजूदा बेसिक पे को फिटमेंट फैक्टर से गुणा करके संशोधित बेसिक सैलरी निकाली जाती है। 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था। वहीं, 8वें वेतन आयोग के लिए कर्मचारी संगठनों की ओर से 2.92, 3.61 और 3.83 जैसे विभिन्न गुणांकों की मांग रखी गई है, लेकिन अंतिम फैसला सरकार को ही लेना है।
ऐसे समझें 12 महीने के एरियर का अनुमान
- एक संभावित उदाहरण के तौर पर यदि 44,900 रुपये बेसिक पे वाले कर्मचारी पर 7वें वेतन आयोग की तरह 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू माना जाए, तो नई बेसिक सैलरी 1,15,393 रुपये (राउंड ऑफ में 1,15,400 रुपये) बैठती है।
अनुमानित गणना में जनवरी से जून 2026 तक 60% DA और जुलाई से दिसंबर 2026 तक 63% DA के आधार पर अंतर देखा जाए तो:
| अवधि | मासिक अंतर (अनुमानित) | 6 महीने का एरियर |
| जनवरी – जून 2026 | ₹43,560 | ₹2,61,360 |
| जुलाई – दिसंबर 2026 | ₹42,213 | ₹2,53,278 |
दोनों छमाही अवधियों को जोड़ने पर 12 महीने का कुल अनुमानित एरियर 5,14,638 रुपये बनता है।
ध्यान दें: यह आंकड़ा केवल संभावित मान्यताओं और अनुमानित कैलकुलेशन पर आधारित है। अंतिम फिटमेंट फैक्टर, पे मैट्रिक्स और एरियर की वास्तविक राशि आयोग की सिफारिशों व सरकार की मंजूरी के बाद ही तय होगी।

