Uttarakhand

उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: पीआरडी जवानों और सफाई कर्मियों को अब होमगार्ड के समान मानदेय

  • प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों और सरकारी विभागों के सफाई कर्मियों को बड़ी आर्थिक राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय देने के संबंध में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में तैनात सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

आठ हजार से अधिक जवानों को मिलेगा लाभ

  • सरकार के इस फैसले से प्रदेश भर में सेवाएं दे रहे आठ हजार से अधिक पीआरडी जवानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि पीआरडी जवान लंबे समय से होमगार्ड के बराबर मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। जवानों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने समिति गठन का निर्णय लिया है।

समिति तय करेगी वृद्धि की दर और समयसीमा

  • अधिकारियों के अनुसार, नवगठित समिति पूरे प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की रूपरेखा तैयार करेगी। यह समिति मानदेय में होने वाली बढ़ोतरी की दर और इसे लागू करने की समयसीमा को लेकर अपनी संस्तुति शासन को सौंपेगी।

सफाई कर्मियों को भी आर्थिक राहत

  • दूसरी ओर, प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में सफाई व्यवस्था संभाल रहे कर्मियों के मानदेय में भी इजाफा किया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दिए जाने के बाद अब इन कार्मिकों को बढ़ी हुई दर से मानदेय मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *