चीड़ के लीसे से उकेरे बदरी-केदार धाम, हल्द्वानी सरस मेले में ₹2000 में मिल रही महिलाओं की अनूठी कलाकृति
- कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला ग्रामीण महिलाओं की बदलती तस्वीर और उद्यमशीलता का जीवंत मंच बनकर उभरा है। पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ इस बार मेले में पहाड़ की मातृशक्ति के नवाचार और आत्मनिर्भरता की कहानी लोगों को खासा आकर्षित कर रही है।
लीसे की शिल्पकारी से सजीव हुए देवभूमि के मंदिर
- मेले में चीड़ के लीसे (रेजिन) से गढ़ी गई मंदिरों की प्रतिकृतियां सबसे अधिक चर्चा में हैं। आमतौर पर लीसे का उपयोग तारपीन और पेंट उद्योग तक ही सीमित माना जाता है, लेकिन स्थानीय महिलाओं ने इसे शिल्प और आस्था का नया रूप दिया है। पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक के ग्राम बहिला तल्ला की युवंती ढिंढियाल और उनके सुरभि स्वयं सहायता समूह ने यह अनूठा प्रयोग किया है। युवंती के अनुसार, लीसे की मूर्तियां गर्मी में नरम न पड़ें और लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहें, इसके लिए इनमें हार्डनर तथा पत्थर का बारीक चूरा मिलाया जाता है। इसी तकनीक से समूह ने बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत अन्य धामों के सूक्ष्म स्वरूप तैयार किए हैं, जिनकी कीमत 200 से 2,000 रुपये के बीच रखी गई है।
बिना केमिकल कोटिंग वाले बर्तन भी पसंद
- आध्यात्मिक कलाकृतियों के अलावा इसी स्टाल पर रसोई से जुड़े पारंपरिक लोहे के उत्पाद भी दर्शकों को लुभा रहे हैं। बिना किसी रासायनिक कोटिंग के विशेष तकनीक से तैयार नान-स्टिक अप्पे पैन, जलेबी की कढ़ाई और लकड़ी के हैंडल वाले तड़का पैन को सेहत के लिहाज से लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
पहाड़ी स्वाद ने संवारी 200 महिलाओं की राह
- मेले में स्वरोजगार की प्रेरणादायक कहानी नैनीताल के नथुवाखान (रामगढ़) की उद्यमी रमा बिष्ट भी लिख रही हैं। एमए और एमएसडब्ल्यू की पढ़ाई कर चुकीं रमा ने वर्ष 2002 में घर की रसोई से फल प्रसंस्करण का काम शुरू किया था। आज वह ‘एप्पल जोन रामगढ़’ के माध्यम से 50 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 200 से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ चुकी हैं। उनके स्टाल पर पहाड़ी फलों के जैम, शुगर-फ्री स्क्वैश, एप्पल साइडर विनेगर, कैमोमाइल व रोजमेरी हर्बल टी और स्थानीय मसालों समेत 100 से अधिक उत्पाद मौजूद हैं।
मणिपुर की बुनाई से मेले में विविधता
- उत्तराखंड की लोककला के साथ पूर्वोत्तर की शिल्प परंपरा भी मेले की रौनक बढ़ा रही है। मणिपुर से पहुंचीं कारीगर यमरेला के हाथ से बुने शाल और मफलर आगंतुकों का ध्यान खींच रहे हैं। पूरी तरह हस्तनिर्मित इन वस्त्रों की कीमत 350 रुपये से शुरू होकर 15,000 रुपये तक है।
