शादीशुदा युवक ने रईस बनने का झांसा देकर युवती को फंसाया, बच्ची के जन्म के बाद हुआ फरार
- देहरादून के रायपुर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक शादीशुदा व्यक्ति ने खुद को रसूखदार और बिल्डर बताकर एक युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी का झूठा वादा कर न सिर्फ संबंध बनाए, बल्कि बच्ची के जन्म के बाद उसे मायके में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी राकेश चंद पूजा-पाठ करवाने के बहाने उसके घर आता-जाता था। धीरे-धीरे उसने परिवार के सामने खुद को बड़ा बिल्डर, देहरादून व दिल्ली में कई फ्लैट्स का मालिक बताकर शादी का प्रस्ताव रखा। युवती और उसके परिजन उसके झांसे में आ गए।
- पीड़िता का कहना है कि राकेश उसे अक्सर घूमने ले जाता था, लेकिन जब भी शादी का समय तय करने की बात आती, वह कभी परिवारिक जिम्मेदारियों, तो कभी व्यवसायिक व्यस्तता का बहाना बनाकर बात टाल देता था। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बना लिए।
- बार-बार शादी की बात पर राकेश ने खुलासा किया कि उसकी पहले शादी हो चुकी है और तलाक का केस अदालत में चल रहा है। उसने भरोसा दिलाया कि तलाक होते ही वह युवती से शादी करेगा।
- फरवरी 2021 से दिसंबर 2022 तक आरोपी ने उसे कैनाल रोड स्थित किराए के कमरे में रखा, जहां पीड़िता ने एक पुत्री को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया और वह युवती और उसकी बच्ची को मायके में छोड़कर लापता हो गया।
- अब जब भी पीड़िता शादी का दबाव बनाती है, आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता है।
- रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी राकेश चंद के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
