दुर्गा पूजा में दिखा अजय–काजोल का खास अंदाज़, ‘सिंघम’ के प्रोडक्शन को मिली नई पहचान
- काजोल और रानी मुखर्जी का परिवार हर साल की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का आयोजन कर रहा है। 79वें वर्ष के इस पारंपरिक उत्सव को जुहू स्थित एस. एन. डी. टी. कॉलेज ग्राउंड में नॉर्थ बॉम्बे सर्बोजनिन दुर्गा पूजा समिति के तहत मनाया गया।
- इस धार्मिक आयोजन में न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि कई बॉलीवुड सितारे भी शामिल हुए। पंडाल में आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, रणबीर कपूर, बिपाशा बसु, करण सिंह ग्रोवर समेत कई प्रसिद्ध चेहरों ने मां दुर्गा के दर्शन किए। वहीं, बंगाली परिवार से ताल्लुक रखने वाली अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती ने हर साल की तरह इस बार भी पारंपरिक प्रस्तुति दी, जिससे माहौल और भी भव्य बन गया।
- महानवमी का दिन इस आयोजन के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर अजय देवगन ने एक नई पहल की, जो काजोल और उनके परिवार के लिए यादगार पल साबित हुआ।

महानवमी पर अजय देवगन ने लॉन्च किया अपने प्रोडक्शन हाउस का नया लोगो
- मुंबई। दुर्गा पूजा के नौवें दिन अजय देवगन अपने पूरे परिवार के साथ पारंपरिक अंदाज़ में ग्रैंड सेलिब्रेशन में शामिल हुए। परिवार ने पहले एक साथ महाआरती में भाग लिया और इसके बाद मंच पर एक खास घोषणा की गई — अजय देवगन और काजोल ने अपने प्रोडक्शन हाउस के नए नाम और लोगो का अनावरण किया। अब यह प्रोडक्शन हाउस ‘देवगन सिनेक्स’ के नाम से जाना जाएगा।
- अजय देवगन न केवल एक सफल अभिनेता हैं, बल्कि निर्माता के रूप में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। पहले उनकी कंपनी का नाम उनके बच्चों नीसा और युग के नाम के शुरुआती अक्षरों पर आधारित NY सिनेमा था। अब इसे बदलकर ‘देवगन सिनेक्स’ रखा गया है, जिसकी एक झलक अजय-काजोल ने समारोह के दौरान फैंस के साथ साझा की।
- काजोल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा — “सिनेमा के लिए वही प्यार, बस अब एक नए नाम के साथ… पेश है देवगन सिनेक्स।” इस मौके पर पंडाल में मौजूद फैन्स और सितारों ने दोनों को नए अध्याय की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
दुर्गा पूजा के अवसर पर अजय देवगन बोले – “सिनेमा कहानियों के ज़रिए दिलों को जोड़ता है”

- मुंबई। दुर्गा पूजा के मौके पर नए लोगो के लॉन्च के दौरान अजय देवगन ने मीडिया से विशेष बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनके लिए इस शुभ अवसर पर प्रोडक्शन हाउस के नए अध्याय की घोषणा करना बेहद खास है।
- अजय ने कहा, “दुर्गा पूजा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि परंपरा, एकता और खुशियों को साझा करने का पर्व है। ठीक वैसे ही, सिनेमा भी कहानियों के ज़रिए लोगों को एक साथ जोड़ता है। इससे बेहतर समय ‘देवगन सिनेक्स’ की शुरुआत के लिए हो ही नहीं सकता था। हमारा उद्देश्य है कि देश के हर कोने में सिनेमा का अनुभव और उससे जुड़ी भावनाएं लोगों तक पहुँचें।”
- बतौर निर्माता अजय देवगन ने कई लोकप्रिय और सफल फिल्मों का निर्माण किया है, जिनमें ‘गोलमाल 3’, ‘टोटल धमाल’, ‘मां’, ‘शैतान’, ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ और ‘दृश्यम 2’ जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। निर्माता के रूप में उनकी यह नई शुरुआत इंडस्ट्री में एक और मील का पत्थर साबित हो सकती है।
