नंदानगर में बादल फटा: तबाही मचने से 10 लापता, कई घर मलबे में दबे, राहत-बचाव तेज़ी से जारी
उत्तराखंड में बारिश ने कहर मचाया, चमोली ज़िले के नंदानगर में बुधवार रात बादल फटने से मची भारी तबाही।
चमोली ज़िले की घाट तहसील के नंदानगर क्षेत्र में अतिवृष्टि ने तबाही मचा दी है। कुंतरी लगा फाली और धुरमा गांव से 10 लोगों के लापता होने की खबर है, जबकि प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिए हैं।
- तेज़ बारिश ने नंदानगर और आसपास के इलाकों में ऐसी तबाही मचाई कि लोग आधी रात को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर भागने पर मजबूर हो गए। कई गौशालाएं और मवेशी बह गए, वहीं उफान पर आए मोक्ष गाड़ गदेरे ने सेरा गांव के मकानों को जमींदोज कर दिया और नंदप्रयाग–नंदानगर मोटर पुल को भी खतरे में डाल दिया। पेट्रोल पंप और पुराना बाज़ार को जोड़ने वाला पुल पूरी तरह बह चुका है।
- थराली क्षेत्र, सोल घाटी और आसपास के गांवों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है—सड़कें बंद हैं और कई इलाकों का संपर्क कट गया है। नंदानगर के सालूबगड़ और लांखी में मकानों पर खतरा मंडरा रहा है।
- जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि राहत और बचाव अभियान जारी है। SDRF और NDRF की टीमें मौके पर डटी हैं, मेडिकल टीमें और एंबुलेंस भी भेज दी गई हैं। धुर्मा गांव में मकानों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह है कि किसी तरह की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
लापता लोगों की सूची
ग्राम कुंतरी लगा फाली (8 लोग):
-
कुंवर सिंह (42 वर्ष), पुत्र बलवंत सिंह
-
कांता देवी (38 वर्ष), पत्नी कुंवर सिंह
-
विकास (10 वर्ष), पुत्र कुंवर सिंह
-
विशाल (10 वर्ष), पुत्र कुंवर सिंह
-
नरेंद्र सिंह (40 वर्ष), पुत्र कुताल सिंह
-
जगदंबा प्रसाद (70 वर्ष), पुत्र ख्याली राम
-
भागा देवी (65 वर्ष), पत्नी जगदंबा प्रसाद
-
देवेश्वरी देवी (65 वर्ष), पत्नी दिलबर सिंह
ग्राम धुरमा (2 लोग):
-
गुमान सिंह (75 वर्ष), पुत्र चंद्र सिंह
-
ममता देवी (38 वर्ष), पत्नी विक्रम सिंह
