जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सीएम धामी सख्त, अधिकारियों को दिए दो टूक निर्देश
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नगरा तराई स्थित कैंप कार्यालय में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर हीला-हवाली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यालयों के चक्कर काटने से मिले मुक्ति
- मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं या कामों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।
विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं पर जोर
- जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के पहुंचे जनप्रतिनिधियों से विभिन्न विकासात्मक कार्यों और आवश्यकताओं पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
- मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। इसमें प्रशासन की जवाबदेही के साथ-साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर स्थानीय स्तर पर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
