CM धामी का बड़ा फैसला: उत्तरकाशी और टिहरी में मकानों पर नंबर प्लेट लगाने का आदेश वापस
उत्तराखंड के टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ भारत मिशन और अन्य सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए मकानों पर नंबर प्लेट लगाने का मामला विवादों में आ गया। मामला तब तूल पकड़ गया जब इंटरनेट मीडिया पर इससे संबंधित एक पत्र वायरल हुआ।
पत्र में बताया गया था कि यह कार्य बिहार निवासी उपेंद्र कुमार (चाणक्य कॉलोनी, फजलगंज, सासाराम) को सौंपा गया है। आदेश के अनुसार, हर मकान पर मकान संख्या, वार्ड नंबर और सरकारी योजनाओं जैसे “स्वच्छ भारत मिशन”, “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” और “घर-घर शौचालय” से जुड़े नारे अंकित किए जाने थे। प्रत्येक नंबर प्लेट की कीमत ₹50 तय की गई थी, जो भवन स्वामियों से ली जानी थी।
हालांकि, इस कार्य के लिए ना तो शासन से स्वीकृति ली गई थी और ना ही अधिप्राप्ति नियमावली का पालन किया गया। जैसे ही यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत संज्ञान लिया और आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करने तथा प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
इसके बाद दोनों जिलों के जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) ने अपने आदेश रद्द कर दिए। वहीं, पंचायतीराज निदेशक ने दोनों DPRO को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
यह घटना सरकारी योजनाओं के नाम पर बिना अनुमति के किए गए आदेशों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
