Dehradun: दून अस्पताल के बाहर युवक को गोली मारने से मचा हंगामा, पुलिस जांच में जुटी
- देहरादून में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब दून अस्पताल के बाहर और SSP ऑफिस से कुछ ही दूरी पर एक युवक को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि यह घटना दो पक्षों के विवाद के बाद हुई। गोली लगने से घायल युवक को तुरंत दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
- यह वारदात 18 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, राजपुर क्षेत्र के कैनाल रोड स्थित कैंटीन के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले गया।
- घायल पक्ष में शामिल युवक की पहचान आयुष्मान कौशिक (पुत्र नवनीत कौशिक, निवासी रायपुर, देहरादून), दिशांत सिंह राणा (पुत्र बलवंत सिंह राणा, निवासी होसला, उत्तरकाशी) और माही (निवासी राजपुर रोड, देहरादून) के रूप में हुई है। झगड़े के बाद ये तीनों उपचार और मेडिकल जांच के लिए दून अस्पताल पहुंचे, तभी बाहरी गेट के पास यह फायरिंग की घटना हो गई।
- घटना के बाद से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
- इस बीच झगड़े में शामिल कुछ युवक थोड़ी देर के लिए अस्पताल के बाहर चाय पीने निकले, तभी दूसरे पक्ष से नृपेंद्र धामा (निवासी बागपत) भी उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों की दोबारा कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप में बदल गई। इस दौरान दूसरे पक्ष से आए हमलावरों ने दून अस्पताल के बाहर दिशांत सिंह राणा पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद दिशांत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उसके साथियों ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल के अंदर भर्ती कराया।
