हेलीकॉप्टर किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी, केदारनाथ यात्रा वैष्णो देवी से भी महंगी
केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का किराया बढ़ने से श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। खासकर वे लोग परेशान हैं जो अपने माता-पिता और बुजुर्ग परिजनों को बाबा केदार के दर्शन कराना चाहते हैं, लेकिन महंगा किराया उनकी जेब पर भारी पड़ रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि वैष्णो देवी और केदारनाथ धाम की हेली सेवा के किराये में बहुत बड़ा फर्क है, जबकि उड़ान की दूरी लगभग समान है।
हेली कंपनियों की लापरवाही, परेशान यात्री
केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और शेरसी स्थित नौ हेलीपैड से हेलीकॉप्टर सेवाएं चलाई जाती हैं। हर जगह से धाम तक जाने का अलग-अलग किराया तय है। शुरुआत में जो किराया तय किया गया था, यात्रा के दूसरे चरण में उसे करीब 46% तक बढ़ा दिया गया।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं पर पड़ा है। उम्रदराज़ यात्रियों के लिए पैदल यात्रा या घोड़ा-खच्चर से सफर करना मुश्किल है। ऐसे में हेलीकॉप्टर ही उनका एकमात्र सहारा है, लेकिन बढ़े हुए किराए ने उनके परिवार वालों के लिए भी दर्शन कराना कठिन बना दिया है।
टिकट की बढ़ी कीमत से टूटा सपना
रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र के रहने वाले कमल सिंह बताते हैं कि वे अपने बुज़ुर्ग माता-पिता को बाबा केदार के दर्शन कराने की इच्छा रखते थे। पैदल चलने में असमर्थ होने के कारण इस बार उन्होंने हेली सेवा का सहारा लेने की योजना बनाई थी। लेकिन अचानक बढ़े किराए ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब उन्हें लगता है कि माता-पिता का केदारनाथ धाम जाना शायद सपना ही रह जाएगा।
इसी तरह रुद्रप्रयाग की बच्छणस्यूं पट्टी के प्रदीप बिष्ट का कहना है कि जिन श्रद्धालुओं के लिए पैदल या खच्चर से यात्रा करना संभव नहीं है, उनके लिए महंगे हेली टिकट ने विकल्प ही छीन लिया है।
केदारघाटी से हेली सेवा के किराए में भारी बढ़ोतरी
हाल ही में केदारनाथ धाम के लिए चलने वाली हेली सेवाओं के किराए में बड़ा इजाफा किया गया है। अलग-अलग हेलीपैड से धाम तक पहुंचने का नया किराया इस प्रकार है (राशि हज़ार रुपये में):
-
गुप्तकाशी से केदारनाथ : पहले ₹8.532 → अब ₹12.444
-
फाटा से केदारनाथ : पहले ₹6.062 → अब ₹8.842
-
शेरसी से केदारनाथ : पहले ₹6.060 → अब ₹8.839
किन कंपनियों के पास है संचालन का जिम्मा?
-
गुप्तकाशी से: आर्यन और ट्रांस भारत
-
फाटा से: पवन हंस, थंबी एविएशन, ग्लोबल विक्ट्रा और ट्रांस भारत
-
शेरसी से: हिमालयन हेली, क्रेस्टल एविएशन और एरो एविएशन
