मन की बात में PM मोदी का उत्तराखंड पर फोकस, बोले—विंटर गेम्स की तैयारियां जारी
- औली में प्रस्तावित नेशनल विंटर गेम्स को लेकर उत्साह बढ़ गया है। स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की ओर से आयोजन को मंजूरी मिलने के बाद स्की खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में खासा जोश है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के विंटर स्पोर्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बर्फ पर होने वाले खेलों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पीएम के इस उल्लेख के बाद औली में व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।
स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया ने दी मंजूरी
- स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की एडॉप कमेटी द्वारा औली में नेशनल स्कीइंग प्रतियोगिता के आयोजन को स्वीकृति मिलने के बाद विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने पर्यटन विभाग को आधिकारिक पत्र भेज दिया है।
- 2026 में होने वाली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप की तिथि बर्फ पर निर्भर रहती है, लेकिन इसके बावजूद पर्यटन विभाग और एसोसिएशन ने समय से पहले तैयारी शुरू करने का संकेत दिया है।
औली—स्कीइंग खिलाड़ियों की पहली पसंद
- औली की दक्षिणमुखी बर्फीली ढलानें देश के सर्वश्रेष्ठ स्कीइंग स्लोप्स में गिनी जाती हैं।
यहाँ स्थित नंदा देवी स्लोप को फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्कीइंग से अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त है। - वर्ष 2011 में साउथ एशियन विंटर गेम्स का औली में सफल आयोजन हो चुका है।
- 1979 से अब तक औली कई बार नेशनल विंटर गेम्स की मेजबानी कर चुका है।
- औली में खिलाड़ियों के लिए चेयर लिफ्ट, स्की लिफ्ट, और जजों व तकनीकी अधिकारियों के लिए ग्लास हाउस जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं।
देशभर की टीमें होंगी शामिल
- नेशनल विंटर गेम्स के आयोजन के दौरान विभिन्न राज्यों की टीमें औली पहुंचेंगी।
- साथ ही, देश–विदेश से आने वाले पर्यटक भी चमोली, औली, और आसपास के पर्यटक स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हैं, जिससे क्षेत्र का पर्यटन बढ़ता है।
स्नो मशीन और तकनीकी उपकरणों की तैयारी जरूरी
- औली में शीतकालीन खेलों के लिए स्नो मेकिंग मशीन भी उपलब्ध है, जो प्राकृतिक बर्फ की कमी होने पर कृत्रिम बर्फ तैयार करती है। हालांकि वर्तमान में इस मशीन की मरम्मत की आवश्यकता है।
- स्की स्लोप को समतल करने और खेलों के अनुरूप तैयार करने के लिए स्नो मीटर मशीन और स्नोगन भी लगाए गए हैं।
