सबसे बड़ी डील करने जा रही Tata Motors, 40 हजार करोड़ में खरीदेगी इटली की कंपनी
नई दिल्ली। टाटा मोटर्स एक नामी विदेशी कंपनी को खरीदने जा रहा है और इसके लिए वह करीब 40000 करोड़ रुपये का लोन लेना चाहता है। दरअसल, इवेको ग्रुप के कमर्शियल व्हीकल बिजनेस के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए कंपनी $4.5 बिलियन (करीब 40000 करोड़) का ब्रिज लोन लेने की तैयारी कर रही है, यह कम अवधि का लोन होता है। अगर टाटा मोटर्स, इवेको ग्रुप को खरीदता है तो यह इस साल एशिया में इस तरह के सबसे बड़े सौदों में से एक होगा।
सूत्रों ने बताया कि 12 महीने की इस लैंडिंग फैसिलिटी के लिए टाटा समूह की इन्वेस्टमेंट होल्डिंग ब्रांच, टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड का समर्थन पत्र मिल गया है। ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने बताया कि इस लोन पर बेंचमार्क यूरो इंटरबैंक ऑफर रेट या यूरिबोर से 102.5 बेसिस प्वाइंट्स का मिक्स्ड इंटरेस्ट मार्जिन मिलता है। हालांकि, टाटा मोटर्स ने इस बारे में कोई कमेंट नहीं किया है।
और मजबूत होगा कंपनी का बिजनेस
इवेको के अधिग्रहण से टाटा मोटर्स को यूरोप के कमर्शियल व्हीकल मार्केट में रणनीतिक रूप से मजबूत पकड़ मिलेगी। इससे पहले 2008 में जगुआर लैंड रोवर का अधिग्रहण किया था, और करीब दो दशक बाद कंपनी विदेश में एक और बड़ी डील करने जा रही है।
अप्रैल 2026 तक अधिग्रहण पूरा होने की उम्मीद
बता दें ट्यूरिन स्थित इवेको ने जुलाई के आखिरी में अपनी डिफेंस यूनिट लियोनार्डो एसपीए को और इतालवी ट्रक निर्माता कंपनी का शेष हिस्सा टाटा मोटर्स को लगभग 5.5 अरब यूरो में बेचने की योजना पर सहमति जताई थी। टाटा मोटर्स के द्वारा इस अधिग्रहण का मूल्य लगभग 3.8 अरब यूरो है। इस अधिग्रहण के अप्रैल 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। इस खबर के आन के बाद टाटा मोटर्स के शेयर 0.50 फीसदी की तेजी के साथ 719.80 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं।
