उत्तराखंड में LPG की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, छापेमारी तेज करने का आदेश
- उत्तराखंड में LPG गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य में गैस की उपलब्धता, सप्लाई चेन और संभावित कालाबाजारी पर रोक को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
- बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रदेश में LPG गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं तक समय पर गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के पहुंचती रहे। साथ ही अधिकारियों को यह भी कहा गया कि गैस सप्लाई चेन पर लगातार निगरानी रखी जाए।
- खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि फिलहाल राज्य में LPG की पर्याप्त उपलब्धता है और मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद सरकार ने किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए अलर्ट मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं।
- मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही या आपूर्ति में बाधा किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- विशेष रूप से LPG गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत नियमित छापेमारी, स्टॉक की जांच और निगरानी अभियान तेज करने पर जोर दिया गया है, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
- बैठक में विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी, दर्ज एफआईआर और कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि गैस कंपनियों और वितरकों के साथ समन्वय बनाकर काम करें और उन पर सतत निगरानी रखें, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
