Uttarakhand

योग-आयुर्वेद से बदलेगी उत्तराखंड की तस्वीर! CM धामी और बाबा रामदेव का बड़ा प्लान

  • देहरादून: उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद और वेलनेस टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में योगगुरु बाबा रामदेव ने मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड के विकास के साथ-साथ योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और प्रदेश की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
  • मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल देवभूमि के रूप में ही नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाले प्रदेश के तौर पर भी है। राज्य सरकार इस विशिष्ट पहचान को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने से स्वास्थ्य के साथ-साथ प्रदेश में पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वेलनेस टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं। हिमालयी वातावरण, प्राकृतिक संपदा और आध्यात्मिक विरासत प्रदेश को योग एवं आयुर्वेद आधारित पर्यटन के लिए खास बनाती है। सरकार इन संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए उत्तराखंड को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम उठा रही है।
  • वहीं, बाबा रामदेव ने उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमालय, प्राकृतिक संसाधनों और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के कारण उत्तराखंड में योग और आयुर्वेद का वैश्विक केंद्र बनने की पूरी क्षमता है। मुलाकात के दौरान प्रदेश के विकास और उत्तराखंड की पारंपरिक ज्ञान परंपराओं को नई वैश्विक पहचान दिलाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *