Uttarakhand

ऋषिकेश के साईं घाट में नहाते समय बहा राजस्थान का युवक, SDRF की सर्चिंग जारी

  • ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित साईं घाट पर स्नान के दौरान एक युवक गंगा नदी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद एसडीआरएफ (SDRF), स्थानीय पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
  • एसडीआरएफ के अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। डीप डाइवर्स और प्रशिक्षित रेस्क्यू कर्मी गंगा नदी के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए अभियान को सावधानीपूर्वक संचालित किया जा रहा है।
  • लापता युवक की पहचान श्याम पुत्र सवाई जागीर, निवासी जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ ऋषिकेश-तपोवन भ्रमण पर आया था। स्नान के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गंगा की धारा में बह गया।
  • इस बीच, 6 जून को कौड़ियाला के पास गंगा नदी में लापता हुए युवक आशीष जैन की तलाश भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम दोनों मामलों में आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों और डीप डाइविंग तकनीक की मदद से संभावित स्थानों पर गहन खोज अभियान चला रही है।
  • प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे गंगा नदी में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही जल में उतरें। मानसून और तेज बहाव के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की भी सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *