उत्तराखंड के 5 जिलों में Mid-Day Meal में गड़बड़ी, मंत्री ने दिए जांच के आदेश, मांगी विस्तृत रिपोर्ट
- देहरादून: उत्तराखंड में संचालित मध्याह्न भोजन योजना (Mid-Day Meal Scheme) में कथित अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जांच के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- मंत्री ने बताया कि हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी और देहरादून जिले के कुछ क्षेत्रों में मिड-डे मील योजना को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर रामनगर, हल्द्वानी, कोटद्वार, डोईवाला, रायपुर, विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक के विद्यालयों में विशेष जांच कराई जाएगी।
- डॉ. रावत ने कहा कि पिछले कुछ समय से जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न स्तरों से योजना में गड़बड़ियों की जानकारी मिल रही थी। शिकायतों में कुछ विद्यालयों द्वारा छात्र नामांकन संख्या से अधिक खाद्यान्न का रिकॉर्ड दर्ज करने, खाद्यान्न प्राप्ति और वास्तविक उपयोग के बीच अंतर तथा अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
- उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचे और किसी भी स्तर पर संसाधनों का दुरुपयोग न हो।
- शिक्षा मंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी भी स्तर पर वित्तीय गड़बड़ी, रिकॉर्ड में हेराफेरी या प्रशासनिक लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और मिड-डे मील जैसी योजनाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
