Uttarakhand

CM धामी का छात्रों को बड़ा तोहफा! उत्तराखंड के 11 हजार युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

  • देहरादून: उत्तराखंड के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक स्थिति उनके रास्ते की बाधा नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों को निश्शुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की शुरुआत की है।
  • इस योजना के तहत हर साल 11 हजार विद्यार्थियों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए प्रतिष्ठित शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और व्यावसायिक कोचिंग संस्थानों की मदद ली जाएगी, ताकि छात्रों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिल सके। सोमवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ संवाद भी किया।
  • योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की तैयारी के लिए 2 हजार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। वहीं कर्मचारी चयन आयोग, रेलवे, बैंकिंग और समकक्ष परीक्षाओं के लिए 5 हजार विद्यार्थियों को कोचिंग मिलेगी। रक्षा सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 2 हजार, जबकि राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, स्नातक अभियांत्रिकी अभिरुचि परीक्षा, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद और कनिष्ठ शोध अध्येता जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 1 हजार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं के लिए भी 1 हजार विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा।
  • योजना में विद्यार्थियों का चयन खुली ऑनलाइन छंटनी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित पोर्टल पर आवेदन करके स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। चयन में परीक्षा के प्रदर्शन, योग्यता और निर्धारित पात्रता मानकों को आधार बनाया जाएगा। मेधावी विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था भी रखी गई है।
  • सिर्फ ऑनलाइन कक्षाओं तक योजना को सीमित नहीं रखा गया है। विद्यार्थियों को लाइव क्लास के साथ रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल अध्ययन सामग्री और विषयवार प्रश्न बैंक भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा नियमित ऑनलाइन टेस्ट, मॉक टेस्ट और संबंधित परीक्षा के पैटर्न के अनुसार अभ्यास कराया जाएगा। विद्यार्थियों के प्रदर्शन का लगातार आकलन किया जाएगा और जिन विषयों में उन्हें परेशानी होगी, उनमें अतिरिक्त अभ्यास और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
  • गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए विभाग ने स्टडी आईक्यू, महेंद्र प्राइवेट लिमिटेड और दून ड्रीमर्स जैसे कोचिंग संस्थानों का चयन किया है। इन संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक अलग-अलग प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। इसके साथ ही देश के अनुभवी विषय विशेषज्ञों को भी इस अभियान से जोड़ने की तैयारी है।
  • सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के उन प्रतिभावान युवाओं को समान अवसर देना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाते। डिजिटल माध्यम से शिक्षा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन को सीधे विद्यार्थियों तक पहुंचाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *