Uttarakhand

देहरादून में स्वाइन फ्लू, कोविड और डेंगू की दस्तक, नए मरीज मिलने से 336 पहुंचा आंकड़ा; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

  • देहरादून: जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1/इन्फ्लूएंजा), कोविड-19 और डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को स्वाइन फ्लू की जांच के लिए 71 सैंपल लिए गए, जिनमें 8 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, कोविड के 40 सैंपल की जांच में 2 मरीज संक्रमित पाए गए। लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग निगरानी और बचाव की गतिविधियों पर जोर दे रहा है।
  • स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, H1N1 के 8 नए मरीजों में 4 देहरादून और 4 अन्य जिलों से हैं। इसी दौरान 8 संक्रमित मरीज स्वस्थ भी हुए। जिले में अब तक H1N1 के कुल 336 मामले सामने आ चुके हैं।
  • कोविड की बात करें तो सोमवार को मिले 2 नए मरीजों में एक देहरादून और दूसरा अन्य जिले का रहने वाला है। एक मरीज के स्वस्थ होने की भी जानकारी सामने आई है। जिले में अब तक कोविड के 43 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 4 मरीज फिलहाल अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोविड संक्रमण से अब तक किसी मौत की सूचना नहीं है।
  • उम्र के लिहाज से देखें तो 61 से 70 वर्ष की आयु के लोगों में H1N1 संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले मिले हैं। इस आयु वर्ग में 58 मरीज सामने आए हैं। इसके बाद 51-60 वर्ष के 57, 21-30 वर्ष के 37, 41-50 वर्ष के 34, 71-80 वर्ष के 31, 31-40 वर्ष के 24, 1-10 वर्ष के 21, 11-20 वर्ष के 18 और 81-90 वर्ष के 13 मरीज शामिल हैं। कुल संक्रमितों में 185 पुरुष और 151 महिलाएं हैं।
  • इधर, डेंगू के 8 नए मरीज भी सामने आए हैं। इनमें 4 देहरादून और 4 अन्य जिलों के बताए गए हैं। 8 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं, जबकि वर्तमान में 11 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
  • स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 138 डेंगू संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 127 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 11 का इलाज चल रहा है। डेंगू से अब तक किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा जिले में चिकनगुनिया के 4 नए मामले सामने आने के बाद कुल मरीजों की संख्या 82 हो गई है।
  • डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर सर्वे कर रही हैं। सोमवार को आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने 13,010 घरों का निरीक्षण किया। इस दौरान 71,515 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 274 कंटेनरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *