भारतीय सेना को मिले 73 नए अधिकारी, कैडेट्स ने हासिल किए प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान
- देहरादून: आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) के 73 कैडेटों ने शनिवार को स्नातक उपाधि प्राप्त कर भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की मुख्यधारा में प्रवेश किया। देहरादून स्थित चेटवुड सभागार में आयोजित ACC के 127वें दीक्षांत समारोह में अकादमी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह ने कैडेटों को उपाधियां प्रदान कीं।
- उपाधि प्राप्त करने वाले कैडेट अब आईएमए में एक वर्ष का सैन्य प्रशिक्षण पूरा करेंगे, जिसके बाद वे भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होंगे। इस बैच में कुल 73 कैडेट शामिल रहे, जिनमें 32 विज्ञान वर्ग और 41 कला वर्ग के छात्र हैं।
- समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह ने कहा कि आर्मी कैडेट कॉलेज ने देश को अनेक उत्कृष्ट और साहसी सैन्य अधिकारी दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्नातक उपाधि प्राप्त करना कैडेटों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और अब देश की आन, बान और शान की रक्षा की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
- उन्होंने कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक सफल सैन्य अधिकारी के लिए चरित्र, आत्म-अनुशासन, साहस, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और पेशेवर दक्षता बेहद महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता को बनाए रखने का आह्वान किया।
- इस अवसर पर एसीसी के प्रधानाचार्य डॉ. नवीन कुमार ने कॉलेज की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि एसीसी विंग कमांडर ब्रिगेडियर पीयूष खुराना ने सभी कैडेटों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
- समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित भी किया गया। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ मेडल के तहत नवीन (हरियाणा) को स्वर्ण पदक, अवनीश कुमार मिश्रा (उत्तर प्रदेश) को रजत पदक और हर्षराज (झारखंड) को कांस्य पदक प्रदान किया गया।
- वहीं कमांडेंट सिल्वर मेडल में सर्विस विषय श्रेणी में अमनप्रीत सिंह (पंजाब), कला वर्ग में अवनीश कुमार मिश्रा और विज्ञान वर्ग में नवीन को सम्मानित किया गया।
