Sports

एशिया कप बॉयकॉट ड्रामे पर भड़के कपिल देव, बोले– झूठे दावों से नहीं बदलती हकीकत

14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए एशिया कप मैच के बाद हैंडशेक विवाद ने खूब सुर्खियां बटोरीं। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया, लेकिन मैच के बाद खिलाड़ियों के बीच हाथ न मिलाने की घटना चर्चा का विषय बन गई। इस विवाद पर पूर्व कप्तान कपिल देव ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे तूल न देने की नसीहत देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को ऐसी छोटी बातों में उलझने के बजाय अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर लगाना चाहिए।

  • एशिया कप T-20 में भारत-पाकिस्तान की हाईवोल्टेज भिड़ंत के बाद हैंडशेक विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। मैच खत्म होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाए बिना ही लौट गए।इसके बाद सूर्या ने इस बड़ी जीत को भारतीय सेना को समर्पित किया और पहलगाम हमले के शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

  • ‘सूर्या ब्रिगेड’ के रवैये से नाराज़ पीसीबी ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने आईसीसी से मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग कर डाली, लेकिन आईसीसी ने इसे सख्ती से खारिज कर दिया। इसके बाद पीसीबी ने धमकी दी थी कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे एशिया कप का बॉयकॉट करेंगे। हालांकि, हकीकत में पाकिस्तान न सिर्फ टूर्नामेंट में उतरा बल्कि यूएई के खिलाफ अपना मैच जीतकर आगे भी बढ़ गया।

Kapil Dev ने नो हैंडशक विवाद पर दिया बयान

“ये सब छोटी बातें हैं। खिलाड़ी चाहे हाथ मिलाना चाहें या गले लगना चाहें, ये उनकी अपनी पसंद है। इसे लेकर विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान की टीम ने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला, उन्हें अपने खेल पर काम करना चाहिए। भारत पिछले 20 सालों से बेहतरीन क्रिकेट खेल रहा है और मुझे भरोसा है कि टीम इंडिया एशिया कप 2025 जीतेगी।”

भारत ने 14 सितंबर को पाकिस्तान (India vs Pakistan Asia Cup 2025) के खिलाफ एशिया कप में दमदार खेल दिखाते हुए जोरदार जीत दर्ज की। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 127/9 पर रोक दिया और फिर सूर्यकुमार यादव व अभिषेक शर्मा की तूफानी पारियों के दम पर टीम इंडिया ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।

इससे पहले ही भारत ने यूएई को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी। खास बात यह रही कि दोनों मैचों में भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आसानी से जीत हासिल की।

अब टीम इंडिया और पाकिस्तान दोनों ही सुपर-4 में पहुंच चुके हैं और आज यानी 19 सितंबर को भारत का सामना ओमान से ग्रुप-ए के आखिरी मुकाबले में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *