Uttarakhand

देहरादून स्कूल में बवाल: युवक ने प्रधानाध्यापिका को पीटा, छात्राओं से बदतमीजी

  • देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में प्रार्थना सभा के दौरान गंभीर घटना सामने आई है। विद्यालय के पास रहने वाले एक युवक ने प्रधानाध्यापिका समेत तीन शिक्षकों के साथ मारपीट की और छात्राओं के खिलाफ अभद्र व अश्लील टिप्पणी की, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
  • घटना के बाद क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया। शिक्षकों के समर्थन में हिंदू संगठनों से जुड़े लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
  • कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा के अनुसार, प्रधानाध्यापिका उषा रानी ने शिकायत में बताया कि युवक ने विद्यालय में घुसकर छात्राओं से अश्लील भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उसने प्रधानाध्यापिका और दो अन्य शिक्षकों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, विद्यालय में आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई, साथ ही स्कूल का फर्नीचर तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया गया।
  • पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी विद्यालय में इस तरह की हरकतें कर चुका है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में भय का माहौल बना हुआ था। शिकायत के आधार पर आरोपी मोहम्मद सरफराज उर्फ मोनू, निवासी तेलीवाला, डोईवाला, के खिलाफ स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, लोक सेवक पर हमला, संपत्ति को नुकसान, आपराधिक धमकी और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसी भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

सुरक्षा गारंटी तक विद्यालय बंद

  • घटना के बाद शिक्षक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। राजकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेलीवाला के शिक्षकों ने सुरक्षा की गारंटी मिलने तक विद्यालय न जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शिक्षकों ने उपशिक्षा अधिकारी डोईवाला को पत्र लिखकर शुक्रवार से स्कूल में उपस्थिति देने में असमर्थता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *